नौ संदिग्ध उग्रवादियों को किया गिरफ्तार
इंफाल। सुरक्षा बलों और मणिपुर पुलिस ने राज्य में समन्वित अभियानों की एक श्रृंखला में विभिन्न प्रतिबंधित उग्रवादी समूहों से कथित रूप से जुड़े हुए नौ संदिग्ध उग्रवादियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्रााप्त की है।
पुलिस ने मंगलवार को कहा कि राज्य में सोमवार को समन्वित अभियान बिष्णुपुर, थौबल और इंफाल पश्चिम जिलों में चलाए गए जिसमें हथियार, मोबाइल फोन, पहचान पत्र दस्तावेज और नकदी जब्त किए गए। बिष्णुपुर ज़िले में एक प्रतिबंधित संगठन के एक सक्रिय सदस्य को उसके घर से गिरफ़्तार किया गया। वह एक अन्य प्रतिबंधित समूह का पूर्व सदस्य था और कथित तौर पर अप्रैल 2024 में वर्तमान समूह में शामिल हुआ था। बिष्णुपुर जिले में ही पुलिस ने एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया जिसके घर से तीन जुलाई को हथियार एवं गोला.बारूद बरामद किए गए थे। यह गिरफ्तारी चल रही जांच के अंतर्गत की गई।
थौबल जिले के लेइरोंगथेल पित्रा गांव से एक प्रतिबंधित समूह के एक संदिग्ध कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया गया। जानकारी के अनुसार वह जबरन वसूली और भर्ती गतिविधियों में लिप्त था। पुलिस ने इंफाल पश्चिम में जबरन वसूली गतिविधियों से जुड़े दो लोगों को थंगल बाजार से गिरफ्तार किया गया। इसी क्षेत्र में एक अलग अभियान में सिंगजामेई चिंगमाखा में तलाशी के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक 7.65 मिमी पिस्तौल, तीन ज़िंदा कारतूस और एक सिल्वर रंग की ग्रैंड आई20 गाड़ी बरामद की गई। बिष्णुपुर जिले में एक प्रतिबंधित समूह के दो सक्रिय सदस्यों को उनके घरों से गिरफ्तार किया गया। उनमें से एक कथित रूप से समूह के लिए हथियार परिवहन में शामिल था।
