स्कूल की चारदीवारी से दबकर 6 मजदूरों की मौत

पटना। बिहार के खगड़िया जिले के महेशखूंट थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम उच्चतर माध्यमिक स्कूल, चंडीटोला की चारदीवारी गिरने से उससे दबकर छह मजदूरों की मौत हो गई। वहीं मलबे में तीन और मजदूरों के दबे होने की आशंका है। घटना में चार मजदूर बाल.बाल बच गए। हादसा स्कूल के बगल में नाला निर्माण के लिए मिट्टी की खुदाई के दौरान हुआ।
मृत मजदूरों में मानसी प्रखंड की पूर्वी ठाठा पंचायत अन्तर्गत चैधा गांव के प्रमोद पासवान 40 वर्ष, पूर्वी ठाठा पंचायत के वार्ड नंबर 14 निवासी ज्ञानदेव पासवान 25 वर्ष] गोगरी के हरदयाल नगर वार्ड संख्या सात निवासी शिवशंकर सिंह 30 वर्ष, चैधा गांव के वार्ड संख्या दो निवासी ललित कुमार शर्मा 25 वर्ष, चैधा दुर्गा स्थान वार्ड संख्या चार निवासी झुलन तांती 22 वर्ष तथा चैधा वार्ड संख्या चार के छैला तांती 25 वर्ष शामिल हैं। अन्य मजदूरों को निकालने को लेकर दो जेसीबी से मलबे को देर शाम तक हटाया जा रहा था।
ग्रामीणों के अनुसार उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के बगल में 14वीं वित्त योजना के तहत जेसीबी से नाला के लिए खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान नाले में पूर्व से लगे नल जल योजना का पाइप काम के दौरान कट गया और उससे पानी बहने लगा। इससे खुदाई की जा रही मिट्टी गीली हो गई और देखते ही देखते दीवार गिर गई। दीवार गिरने से वहां काम कर रहे मजदूर उसके नीचे दब गए जिसमें छह मजदूरों की मौत हे गई। घटना के बाद वहां अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना पर प्रभारी डीएम शत्रुंजय मिश्रा, एसपी अमितेश कुमार, गोगरी एसडीओ सुभाषचंद्र मंडल, गोगरी एसडीपीओ मनोज कुमार, खगड़िया एसडीपीओ आलोक रंजन, गोगरी के अपर एसडीओ चंद्र किशोर सिंह, गोगरी इंस्पेक्टर अक्षय लाल, पसराहा थानाध्यक्ष अमलेश कुमार, महेशखूंट थानाध्यक्ष नीरज ठाकुर समेत काफी संख्या में पुलिस बल मौजूद थे।
