दुश्मन के दिमाग में गूंजती रहेगी भारतीय मिसाइलों की गूंज : शेखावत
जोधपुर। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि भारत ने जिस साहस और शौर्य का परिचय दिया उसके चलते पूरे विश्व में उसकी छवि तेजी के साथ बदली है तथा पहलगाम की घटना के बाद पूरे विश्व का समर्थन उसे मिला और भारत ने दुनिया में आतंकवाद के विरुद्ध लड़ने वाला वह बड़ा सेनानी देश होने का संदेश दिया। श्री शेखावत रविवार रात यहां चौपासनी हाउसिंग बोर्ड के सेक्टर.ग्यारह में गणेश महोत्सव के शुभारंभ कार्यक्रम में बोल रहे थे। महोत्सव की “ऑपरेशन सिंदूर की थीम पर” श्री शेखावत ने कहा कि आने वाले कई वर्षों तक दुश्मन पर बरसी भारत की मिसाइलों की गूंज आतंकवाद के आकाओं और आतंकवाद की मानसिकता वालों के दिल-दिमाग तक गूंजती रहेगी।
उन्होंने कहा कि निश्चित ही देश के 140 करोड़ लोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साहस के कायल हैं और उनका अभिनंदन करते हैं। “ऑपरेशन सिंदूर” के समय देश को भगवान गणपति का आशीर्वाद मिला। विपक्ष पर प्रहार करते हुए श्री शेखावत ने कहा कि कुछ लोग राजनीति सभी जगह ढूंढ लेते हैं। चुनाव आयोग और ईवीएम में ढूंढ लेते हैं। सबने वोट देकर श्री मोदी और भारतीय जनता पार्टी में आस्था एवं विश्वास प्रकट किया। मुझे लगातार तीन बार स्नेह और आशीर्वाद दिया। अब वो लोग जोधपुर के 20 लाख मतदाताओं का अपमान करने का दुस्साहस करते हुए कहते हैं कि जोधपुर का चुनाव चोरी के माध्यम से जीता गया।
श्री शेखावत ने कहा कि यह धार्मिक अवसर है। मैं राजनीतिक चर्चा नहीं करना चाहता, लेकिन इतना जरूर कहना चाहता हूं कि देश की ऐसी उपलब्धि, देश का ऐसा काम, ऐसा साहस, जिसमें सेना ने अपार पराक्रम का परिचय देते हुए देश और देशवासियों का सम्मान ऊंचा उठाया हो उस पर प्रश्नचिह्न करने वाले लोगों को देश देखता है। समय आने पर उनका हिसाब.किताब करता है। कार्यक्रम स्थल गणेश पार्क में “ऑपरेशन सिंदूर” की थीम पर गणपति की विशाल प्रतिमा के समीप कर्नल सोफिया कुरैशी, विंग कमांडर व्योमिका सिंह आदि के कटआउट लगाए गए हैं। पंडाल परिसर में परमवीर चक्र मेजर शैतान सिंह सहित अनेक वीर सपूतों के पोस्टर लगाए गए हैं।
