लोकनायक की जयंती पर मुख्यमंत्री नीतीश ने किया नमन
कहा- उनके विचार आज भी प्रासंगिक
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को स्वतंत्रता सेनानी, समाजवादी विचारक और संपूर्ण क्रांति के जनक लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर जेपी को याद किया और उनके विचारों को आज के समय में भी मार्गदर्शक बताया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लिखा है कि महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रखर समाजवादी नेता, संपूर्ण क्रांति के प्रणेता एवं भारत रत्न लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन। जयप्रकाश नारायण जी ने लोकतंत्र में अटूट विश्वास रखते हुए अन्याय के विरुद्ध समाज को एकजुट किया। उनके विचार हमें आज भी समतामूलक एवं न्यायपूर्ण समाज के निर्माण की प्रेरणा देते हैं।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आगे कहा कि लोकनायक का जीवन संघर्ष, साहस और सिद्धांतों की मिसाल है। उन्होंने न केवल आज़ादी की लड़ाई में भाग लिया बल्कि स्वतंत्र भारत में भी सत्ता के विकेन्द्रीकरणए सामाजिक न्याय और पारदर्शिता जैसे मूल्यों को आगे बढ़ाया। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं जेपी आंदोलन से प्रेरित नेताओं में गिने जाते हैं और उनके राजनीतिक जीवन पर लोकनायक के विचारों का गहरा प्रभाव रहा है।
