महाराष्ट्र: यवतमाल और अमरावती में फिर लगा लॉकडाउन

यवतमाल। महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए आखिरकार सबसे ज्यादा प्रभावित यवतमाल और अमरावती में जिले में दोबारा लॉकडाउन लगाने की घोषणा कर दी गई है। अब जिले में 28 फरवरी तक लॉकडाउन रहेगा। यवतमाल के जिलाधिकारी देवेंद्र सिंह ने यह फैसला किया है। यवतमाल में कोरोना मरीजों की तादाद काफी ज्यादा बढ़ चुकी है। जिले में दिसंबर महीने से लेकर 29 जनवरी तक 25 मरीजों की मौत हुई थीए लेकिन फरवरी महीने में यह आंकड़ा काफी ज्यादा बढ़ चुका है।
महाराष्ट्र के अमरावती शहर में भी एक दिन के लिए लॉकडाउन लगाने का फैसला जिलाधिकारी ने किया है। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। रविवार को अत्यावश्यक सेवाओं को छोड़कर सब कुछ बंद रहेगा। राज्य सरकार ने जिला अधिकारियों को लॉकडाउन लगाने संबंधी फैसले लेने की इजाजत दी है। आपको बता दें कि यवतमाल, अमरावती और अकोला में कोरोना संक्रमण पिछले दिनों काफी ज्यादा संख्या में बढ़ा है।
यवतमालए पंढरकवड़ा और पुसद में कोरोना मरीजों की तादाद सबसे ज्यादा है इन तीनों जगहों पर प्रतिदिन 500 के आसपास मरीज मिल रहे हैं। इस हिसाब से इन तीनों जगहों के मरीजों को मिलाकर रोजाना तकरीबन 15 मरीजों की जांच करना जरूरी है। जिला अस्पताल में बढ़ती मौतों के आंकड़े को देखते हुए डीन से डेथ ऑडिट रिपोर्ट भी मांगी गई है। इसके अलावा निजी अस्पतालों में भी कोरोना से होने वाली मौतों की ऑडिट रिपोर्ट पेश करने के लिए कहा गया है। जिला अधिकारी ने बताया कि हाई रिस्क और लो रिस्क एरिया के मुताबिक शहर में लॉकडाउन लगाया गया है। महाराष्ट्र में बीते 24 घंटों में 4787 नए मामले सामने आए हैं। वहीं राज्य में अब तक कुल मरीजों की संख्या 20,76,093 तक पहुंच गई है। राज्य में बीते 24 घंटों में 40 लोगों की मौत हुई एजबकि राज्य में अब तक कुल 51,631 लोगों की कोरोना से मौत हो गई है। राज्य में फिलहाल एक्टिव मरीजों की संख्या 38,013 है।
