राजग विधायक दल के नेता चुने गए हिमंत बिस्वा शर्मा
गुवाहाटी। असम में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने रविवार को हिमंत बिस्वा शर्मा को सर्वसम्मति से अपना नेता चुन लिया है। इस फैसले के साथ ही उनके लगातार दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बनने का मार्ग प्रशस्त हो गया। इस अवसर पर यहां आए केंद्रीय मंत्री जे. पी. नड्डा ने बैठक के बाद इसकी आधिकारिक घोषणा की। उन्होंने बताया कि भाजपा के आठ विधायकों ने विधायक दल के नेता के रूप में श्री शर्मा के नाम का प्रस्ताव रखा जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। इससे पहले सुबह असम भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक हुई जिसमें केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में श्री नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी उपस्थित थे।
गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न हुए 126 सदस्यीय विधानसभा चुनावों में भाजपा नीत राजग ने प्रचंड जीत हासिल की है। भाजपा ने अकेले 82 सीटें जीती हैं जबकि उनके गठबंधन सहयोगियों असम गण परिषद और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने 10-10 सीटों पर जीत दर्ज की है। इस दो तिहाई बहुमत के साथ राजग ने राज्य में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की है।
