खनुआ नदी में डूबने से तीन बच्चों की मौत

देवरिया। लगातार हो रही बारिश के कारण यूपी के कई गांव बाढ़ के चपेट में आ गए हैं। देवरिया के खामपार थाना क्षेत्र के खैराट गांव के खनुआ नदी में डूबने से शुक्रवार को 3 बच्चों की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे खेलते समय नदी में चले गए। घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मचा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने हर संभव मदद का भरोसा पीड़ित परिवार को दिया है। बता दें कि खामपार थाना क्षेत्र के खैराट गांव के बेहद समीप से खनुआ नदी बहती है। बारिश की वजह से नदी इस समय उफान पर है। शुक्रवार सुबह गांव के हरेराम साहनी का बेटा मोहित (7), पप्पू साहनी का लड़का अंकुश (6)  और मनोज साहनी का बेटा बुलबुल (6) खेलते हुए घर से करीब 100 मीटर दूर जिन्‍न बाबा के स्‍थान के पास नदी में चले गए। देखते ही देखते तीनों गहरे पानी में डूब गए। दूर खड़े एक ग्रामीण ने देखकर शोर मचाया तो लोगों की भीड़ जमा हो गई। कड़ी मश्क्कत के बाद तीनों को लोगों ने नदी से निकाला। परिजन उन्हें लेकर एक प्राइवेट चिकित्सक के यहां पहुंचे जहां डॉक्‍टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
दरअसल, नेपाल के पहाड़ों और मैदानी इलाकों में हो रही बारिश का असर गोरखपुर, बस्ती मंडल में बह रही नदियों पर पड़ा है। लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है जिससे मंडल के कई गांव बाढ़ के चपेट में आ गए हैं। गोरखपुर में राप्ती, गोर्रा और घाघरा नदी खतरे के निशान से अब भी ऊपर बह रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.