हविस चुनाव में मतदाता करेंगे 1031 उम्मीदवारों के किस्मत का फैसला
चंडीगढ़। हरियाणा में शनिवार को एकल चरण में होने वाले विधानसभा चुनाव में दो करोड़ से अधिक मतदाता 1031 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदान सुबह सात बजे से शुरू होगा और शाम छह बजे तक चलेगा।
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल ने शुक्रवार को बताया कि 2.04 करोड़ मतदाताओं में से 1.07 करोड़ पुरुष, 95.78 लाख महिलायें और 467 उभयलिंगी मतदाता पंजीकृत हैं। पहली बार मतदान करने वाले 18 से 19 वर्ष की आयु के 5.25 लाख युवा मतदाता और 1.49 लाख दिव्यांग मतदाता भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे जिनमें से 93,545 पुरुष 55,591 महिलाये और छह उभयलिंगी हैं। उन्होंने बताया कि 85 वर्ष से अधिक आयु के 2.31 लाख मतदाता हैं जिनमें 89,940 पुरुष और 1.41 लाख महिलायें हैं। इसके अलावा 100 वर्ष से अधिक आयु के 8, 821 मतदाता हैं जिनमें 3,283 पुरुष और 5,538 महिलायें शामिल हैं। नौकरी करने वाले मतदाताओं की कुल संख्या 1.09 लाख है जिसमें 1.04 लाख पुरुष और 4,791 गैर.सैन्य मतदाता हैं। श्री अग्रवाल ने बताया कि राज्य विधानसभा चुनाव में कुल 1,031 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे हैं जिनमें 930 पुरुष और 101 महिलायें शामिल हैं। इन उम्मीदवारों में 464 निर्दलीय उम्मीदवार भी अपना भाग्य आजमा रहे हैं।
राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) शत्रुजीत कपूर ने लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदाताओं से निडर होकर मतदान करने की अपील की और मतदाताओं से मताधिकार का इस्तेमाल करने को कहा है।डीजीपी ने कहा कि लोगों को निडर होकर मतदान करना चाहिये और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपना योगदान देना चाहिये। उन्होंने कहा कि चुनाव के लिये पूरे राज्य में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं। विधानसभा चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिये 29,462 पुलिस कर्मीए 21, 196 होमगार्ड कर्मी और 10,403 एसपीओ तथा अर्धसैनिक बलों की 225 कंपनियां तैनात की गयी हैं। इसके अलावा कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिये राज्य में 201 अंतरराज्यीय जांच चौकी के अलावा 191 अतिरिक्त अंतरराज्यीय जांच चौकी स्थापित की गयी हैं। उन्होंने बताया कि हर स्तर पर अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिये गये हैं कि किसी भी परिस्थितियों से कैसे निपटा जाना है। राज्य चुनाव आयोग द्वारा जारी निर्देशों का सख्ती से पालन किया जायेगा। राज्य भर में 10,495 स्थानों पर कुल 20,629 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा 3, 616 मतदान केंद्रों को संवेदनशील और 145 मतदान केंद्रों को अतिसंवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है जहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जायेगा। इसके अलावा 516 उड़न दस्ते, 469 स्थिर निगरानी दल और 32 त्वरित प्रतिक्रिया दल बनाये गये हैं। कानून व्यवस्था और आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करने के लिये दिन.रात गश्त के लिये 1,156 गश्ती दलों को तैनात किया गया है।
