वंदे भारत पर पथराव, टूटा खिड़की का कांच

पटना। बिहार में फिर शुक्रवार की सुबह वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव होने की सूचना प्राप्त हुई है। इस घटना में वंदे भारत एक्सप्रेस के एक बोगी का एक शीशा टूट गया।  हालांकि ट्रेन में बैठे यात्री बाल-बाल बच गए, उन्हें कोई चोट नहीं आई।
मिली जानकारी के अनुसार यह मामला पश्चिम चंपारण के बगहा में पठखौली ओपी थाना क्षेत्र के अवसानी हॉल्ट के पास की है। दरअसल, वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह गोरखपुर से पटना जा रही थी तभी करीब तीन बदमाशों ने ट्रेन पर पथराव किया। घटना की सूचना आरपीएफ को दी गईण जिसके बाद आरपीएफ ने तत्परता दिखाई और एक को हिरासत में ले लिया गया। हिरासत में लिए गए बदमाश की पहचान सुदर्शन के रूप में हुई है जिससे पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही सीसीटीवी फुटेज की जांच भी की गई। इधर इस घटना को लेकर आरपीएफ के अधिकारियों की माने तो पकड़े गए शातिरों की उम्र 13 साल से अधिक है। बता दें कि, लगातार बिहार में वंदे भारत ट्रेन पर हो रहे पथराव के कारण आरपीएफ की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है ताकि, इस तरह की घटनाओं पर विराम लगाया जा सके।
विदित हो कि इससे पहले रविवार को 26502 नंबर की वंदे भारत एक्सप्रेस जब गोरखपुर से पाटलिपुत्र जा रही थी, तब मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना अंतर्गत महम्मदपुर बलमी गांव के पास कुछ अज्ञात बच्चों ने उस पर पत्थरबाजी कर दी थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.