बिहार पंचायत चुनाव में होगी एक महीने की देरी


पटना। बिहार में पंचायत चुनाव को लेकर जहां पार्टियां पूरी तरह से तैयारियों में जुटी हुई हैं। वहीं अब खबर है कि चुनाव के कार्यक्रम में एक महीने की देरी होगी। तमाम कोशिशों के बावजूद राज्य निर्वाचन आयोग अब मार्च के अंतिम सप्ताह से पहले चुनावी तारीखों का ऐलान नहीं कर सकता। ऐसा आयोग की तरफ से राज्य निर्वाचन आयोग को एम3 जेनरेशन की ईवीएम खरीद को लेकर एनओसी नहीं दिए जाने के कारण हो रहा है।
दरअसलए राज्य निर्वाचन आयोग एम3 जेनेरेशन की ईवीएम खरीद के लिए भारत निर्वाचन आयोग से एनओसी मांग रहा है। इसके लिए पत्र भी लिखा जा चुका है। समय पर ईवीएम नही मिलने के कारण चुनाव की प्रक्रिया अबतक शुरु नहीं हुई है। आयोग ने इस संबंध में हाईकोर्ट में मामला दाखिल कर रखा है और आयोग से सीधे संपर्क में भी है। हाल ही में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राज्य निर्वाचन आयोग ने भारत निर्वाचन आयोग से ईवीएम की फिर मांग की है।
विदित हो कि बिहार के त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं का कार्यकाल जून में खत्म हो रहा है। इसके मद्देनजर राज्य निर्वाचन आयोग ने अप्रैल से मई तक चुनाव संपन्न करवा लेने की योजना बनाई थी। इसी कड़ी में फरवरी के अंत तक तारीखों का ऐलान किया जाना था लेकिन अब तक ईवीएम की खरीद नहीं हो सकी है। लिहाजा न तो तारीखों की घोषणा हो पाई है और न ही अधिसूचना जारी हुई है। आयोग की मानें तो एनओसी न मिलने की वजह से पंचायत चुनाव में एक महीने की देरी हो सकती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.