मालेगांव मामले के फैसले को न्याय की जीत बताया

जैसलमेर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मालेगांव मामले पर आये फैसले को ऐतिहासिक एवं न्याय की जीत बताते हुए कहा है कि कांग्रेस ने हमेशा वोट बैंक के लिए तुष्टिकरण की राजनीति कर हिन्दू टेरर जैसा झूठ फैलाया लेकिन, आज मालेगांव के दुष्प्रचार का अंत हो गया और दूध का दूध और पानी का पानी हो गया।    श्री शर्मा ने मालेगांव फैसले पर गुरुवार को यह बात कही। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने वोट बैंक के लिए तुष्टिकरण की राजनीति की है और उसने हिन्दू टेरर जैसा अपमानजनक झूठ फैलाया और निर्दोष साधु-संतों के साथ ही पूरे समाज की गरिमा को निशाना बनाया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि मालेगांव विस्फोट मामले में सभी आरोपियों का बरी होना इस बात की पुष्टि होती है कि हिन्दू कभी आतंकवादी नहीं हो सकता।
उन्होंने कहा कि आज का यह ऐतिहासिक निर्णय न्याय की जीत है और सभी सनातनियों के लिए गर्व का विषय है क्योंकि हिन्दू तो सिर्फ अपनी ही नहीं पूरे संसार के कल्याण की बात करता है। उन्होंने कहा कि हाल में केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अपने भाषण में कहा कि हिन्दू कभी आतंकवादी नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि हम तो वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना के साथ चलते हैं क्योंकि यह हमारे संस्कारों और विचारों में है। जब हम चलते हैं तो इस बात का भी ध्यान रखते हैं कि पांव की नीचे कहीं चींटी तो नहीं आ गई।
श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के लोग कहते हैं कि मुख्यमंत्री मंदिर बहुत जाते हैं। कांग्रेस पार्टी के लोग बताएं मैं क्या अब मेरे आस्था केन्द्रों पर नहीं जाऊं। कांग्रेस को अपनी मानसिकता बदलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री को भी भजन तो करना ही होगा क्योंकि झूठे वादों और जादूगरी से कुछ भी होने वाला नहीं है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.