शांता कुमार ने सहयोग के लिए मोदी को दिया धन्यवाद
पालमपुर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने हिमाचल प्रदेश के इतिहास की सबसे भीषण आपदा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की धर्मशाला यात्रा को एकजुटता एवं करुणा का एक बड़ा संकेत बताया है। उन्होंने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री न केवल दिल्ली से यहां आए बल्कि उन्होंने 15,000 करोड़ रुपये के राहत पैकेज के साथ सहानुभूति एवं समर्थन की भी पेशकश की। श्री कुमार ने इस सहायता के लिए प्रधानमंत्री मोदी के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया और कहा कि आर्थिक मदद के अलावा हिमाचल प्रदेश के किसानों का सम्मान जारी रखने का आश्वासन भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि आज भी लाखों प्रभावित परिवारों को इस आपदा के बीच कोई सहायता नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि मैंने विनम्रतापूर्वक प्रार्थना की है कि आपदा के समय मानवता की सहायता करना ही ईश्वर की सच्ची पूजा है। मानव मात्र का सहयोग ही सबसे बड़ी भक्ति है। श्री कुमार ने आगे कहा कि 12 सितंबर को उनके दोस्त और शुभचिंतक उन्हें जन्मदिन की बधाई देने पालमपुर आएंगे लेकिन उन्होंने उनसे कोई उपहार न लाने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि इस त्रासदी को देखते हुए मैं अपना जन्मदिन सादगी से मना रहा हूं। कोई भी दोस्त कोई उपहार न लाएं मैं कुछ भी स्वीकार नहीं करूंगा। आपका प्यार ही मेरे लिए सबसे बड़ा तोहफ़ा है।
