बिहार के सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
पटना। बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बुधवार को नेपाल में हाल ही में हुए आंदोलन और जेल तोड़कर भागने की घटनाओं के मद्देनजर सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नेपाल की सीमा से सटे सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं । बिहार सरकार ने नेपाल में हाल ही में हुए आंदोलन और जेल तोड़कर भागने की घटनाओं के मद्देनजर सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता करने के लिए तत्काल कदम उठाए हैं।
श्री अमृत की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में मुख्य सचिव ने नेपाल की सीमा से सटे सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बात की और आवश्यक निर्देश दिए। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य नेपाल की हालिया घटनाओं से उत्पन्न होने वाली संभावित चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करना था। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी व्यक्तियों विशेष रूप से सीमा पार से बिहार में प्रवेश करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाये और किसी भी व्यक्ति को गहन जांच के बिना सीमा में प्रवेश न करने दिया जाये।
श्री अमृत ने राज्य के प्रतिष्ठित संस्थानों और महत्वपूर्ण आधारभूत संरचनाओं जैसे पुल, रेलवे स्टेशन, पावर प्लांट आदि पर भी कड़ी निगरानी रखने के लिए कहा जिससे किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। उन्होंने अधिकारियों को आश्वस्त किया कि किसी भी तरह की आपात स्थिति या अतिरिक्त सहायता की आवश्यकता होने पर वे सीधे उनसे या पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से संपर्क कर सकते हैं। यह निर्देश अधिकारियों को त्वरित निर्णय लेने और किसी भी परिस्थिति में देरी से बचने में मदद करेगा। इस महत्वपूर्ण बैठक में डीजीपी विनय कुमार और अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) कुंदन कृष्णन भी उपस्थित थे। इसके अलावा गृह विभाग के वरीय पदाधिकारीगण, सभी प्रमंडलीय आयुक्त, और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी, पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक भाग ले रहे थे।
