चैतन्यानंद की जमानत याचिका पर सुनवाई सोमवार को

नई दिल्ली। दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अंजू बजाज चांदना ने श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट एंड रिसर्च के पूर्व प्रबंधक चैतन्यानंद सरस्वती की जमानत याचिका को सोमवार को अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश दीप्ति देवेश की अदालत में सुनवाई के लिए भेज दिया है। इससे पहले गुरुवार को न्यायाधीश अतुल अहलावत ने चैतन्यानंद की जमानत याचिका की सुनवाई से खुद को अलग कर लिया था। चैतन्यानंद छात्राओं के साथ छेड़छाड़ और यौन शोषण के एक मामले में न्यायिक हिरासत में हैं और उन्होंने अपनी जमानत के लिए अर्जी दी है।
चैतन्यानंद सरस्वती को 27 सितंबर को आगरा से गिरफ्तार कर दिल्ली लाया गया था। अदालत ने 28 सितंबर को उन्हें पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजा था, जिसके बाद तीन अक्टूबर को उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में हैं। दिल्ली पुलिस ने उनसे उस मामले में पूछताछ की थी, जिसमें वसंत कुंज स्थित एक शैक्षणिक संस्थान में 17 छात्राओं के साथ छेड़छाड़ का आरोप है। इस बीच, अदालत ने दिल्ली पुलिस से यह भी जवाब मांगा है कि जेल में चैतन्यानंद सरस्वती को संन्यासी वस्त्र पहनने और धार्मिक पुस्तकें रखने की अनुमति क्यों नहीं दी जा सकती।
गौरतलब है कि इससे पहले वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े एक अन्य मामले में भी एएसजे अतुल अहलावत ने उनकी अग्रिम जमानत अर्जी की सुनवाई से खुद को अलग कर लिया था जिसे बाद में अदालत ने खारिज कर दिया था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.