कमल हासन ने कोयंबटूर दक्षिण सीट से किया नामांकन

कोयंबटूर। मक्कल नीधि माईम प्रमुख और अभिनेता से नेता बने कमल हासन ने सोमवार को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए कोयंबटूर दक्षिण सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने के बाद एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी रणनीति ईमानदारी है जो अन्य दलों में कम है। कोयंबटूर से चुनाव लड़ने का कारण पूछने पर उन्होंने कहा कि कोयंबटूर उनके दिल के बहुत करीब है। इस शहर में उनके बहुत सारे दोस्त हैं। इतनी सारी यादें हैं। उनके जीवन की कई महत्वपूर्ण घटनाएं यहां हुईं।
उन्होंने कहा कि वे कोयंबटूर को न केवल तमिलनाडु का बल्कि भारत का सबसे अचछा शहर बनाने के लिए काम करेंगे। कमल हासन ने आगे कहा कि इस शहर में सांप्रदायिक तनाव पैदा करने के कुछ प्रयास किए गए हैं। वे इस तरह की हरकतों के खिलाफ आवाज उठाएंगे। इस शहर को दक्षिण भारत का मैनचेस्टर कहा जाता था। इस स्टेटस और गुडविल को वापस लाने के लिए वे यहां से चुनाव लड़ रहे हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र को लेकर प्रमुख दलों ने पानी, सड़क निर्माण, जल निकासी, हवाई अड्डे के विस्तार और मेट्रो रेल सेवा प्रदान करने के अपने वादों को पूरा नहीं किया। बाहरी बताए जाने के सवल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि मैं बाहरी व्यक्ति नहीं हूं। तमिलनाडु में अन्य भाषाओं के कई नेता सामने आए हैं। मैं एक तमिलियन हूं। मेरे यहां कई दोस्त हैं।
