बिहार सरकार में मंत्रियों के विभाग बंटे

उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को मिला गृह विभाग

पटना। बिहार में दसवीं बार मुख्यमंत्री बने नीतीश कुमार ने  मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा करते हुए भारतीय जनता पार्टी के नेता  सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा को उप मुख्यमंत्री का दर्जा दिया है । मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार मुख्यमंत्री श्री कुमार ने सामान्य प्रशासन, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरान, निर्वाचन और ऐसे सभी विभाग जो किसी को आवंटित नहीं है अपने पास रखे हैं ।
श्री कुमार ने भाजपा नेता सम्राट चौधरी को गृह विभाग की जिम्मेवारी दी है। काफी लंबे समय से यह विभाग मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास था। श्री कुमार ने भाजपा नेता विजय कुमार सिन्हा को राजस्व एवं भूमि सुधार तथा खान एवं भूतत्व विभाग की जिम्मेदारी दी है। मुख्यमंत्री ने जनता दल यूनाईटेड के नेता विजय कुमार चौधरी को जल संसाधन, संसदीय कार्यएसूचना एवं जनसंपर्क और भवन निर्णाण जबकि विजेन्द्र प्रसाद यादव को उर्जा, योजना एवं विकास, मध निषेध, उत्पाद एवं निबंधन,  वित्त और वाणिज्य कर की जिम्मेवारी दी है। वित्त विभाग पूर्व में सम्राट चौधरी के पास था। जदयू नेता श्रवण कुमार को ग्रामीण विकास और परिवहन विभाग की जिम्मेवारी दी गई है। इसी तरह भाजपा नेता मंगल पांडेय को स्वास्थ्य और विधि विभाग की जिम्मेवारी दी गई है। श्री पांडेय के पास पहले भी यही विभाग था। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. दिलीप जायसवाल को उधोग विभाग की जिम्मेवारी दी गई है। जदयू नेता अशोक चौधरी को पहले की तरह इस बार भी ग्रामीण कार्य विभाग का जिम्मा सौंपा गया है। इसी तरह जदयू नेता लेसी सिंह को भी पिछले कैबिनेट की तरह खाद्य उपभोक्ता एवं संरक्षण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा नेता नितिन नवीन को पथ निर्माण एवं नगर विकास तथा आवास, जदयू नेता मदन सहनी को समाज कल्याण विभाग, भाजपा नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री राम कृपाल यादव को कृषि, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के पुत्र और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के नेता संतोष कुमार सुमन को लघु एवं जल संसाधन, जदयू नेता सुनील कुमार को शिक्षा तथा विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की जिम्मेवारी सौंपी गई है।
जदयू नेता मोहम्मद जमा खान को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग सौंपा गया है। इसी तरह भाजपा के कोटे से संजय सिंह टाइगर को श्रम संसाधन, अरूण शंकर प्रसाद को पर्यटन और कला संस्कृति तथा युवा विभाग, सुरेन्द्र मेहता को पशु एवं मत्सय संसाधन,  नारायण प्रसाद को आपदा प्रबंधन विभाग, पूर्व सांसद अजय निषाद की पत्नी रमा निषाद को पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा कल्याण विभाग, लखेन्द्र कुमार रौशन को अनुसूचित जाति एवं अनूसचित जनजाति कल्याण विभाग, पूर्व केन्द्रीय मंत्री दिवंगत दिग्विजय सिंह की पुत्री श्रेयसी सिंह को सूचना प्रावैधिकी एवं खेल विभाग,  डा. प्रमोद कुमार को सहकारिता, पर्यावरण,  वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की जिम्मेवारी दी गई है।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) नेता संजय कुमार को गन्ना उद्योग और संजय कुमार सिंह को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग का जिम्मेदारी दी गई है,  वहीं राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के नेता दीपक प्रकाश को पंचायती राज मंत्रालय का जिम्मा सौंपा गया है।
उल्लेखनीय है कि बिहार के मुख्मयंत्री नीतीश कुमार ने 26 मंत्रियों के साथ  ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में शपथ ली थी जिनमें भारतीय जनता पार्टी  के 14, जनता दल यूनाईटेड  के आठ, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के दो और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) तथा हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के एक-एक मंत्री शामिल हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.