दिल्ली में वायु प्रदूषण अत्यंत चिंताजनक : कांग्रेस

समाधान के लिए सख्त कदम उठाए सरकार

नई दिल्ली। कांग्रेस ने कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण अत्यंत चिंताजनक स्थिति में पहुंच गया है और धीमा जहर बनकर जीवन के लिए खतरा बन गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संदीप दीक्षित ने शनिवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इस समस्या के निदान के लिए सरकार इस पर संसद में चर्चा कराए और राष्ट्रीय स्तर पर संकट के समाधान के लिए सख्त कदम उठाए।
श्री दीक्षित ने इस मुद्दे पर सरकार तीखा हमला किया और कहा कि सरकार प्रदूषण को कंट्रोल करे और अगर वे यह काम नहीं कर पा रहे हैं तो उन्हें सरकार कहलाने का हक नहीं है। मेरा यही कहना है .जनता को गुमराह करना बंद करिए क्योंकि एयर पॉल्यूशन के चलते यह शहर अब रहने लायक नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की प्रदूषित हवा सारी सीमाएं पार कर चुकी है। हालात गंभीर हैं और यह अब धीमा जहर बन गया है इसलिए समाधान के ठोस उपाय जरूरी है। डॉक्टरों का ये भी कहना है कि दिल्ली की प्रदूषित हवा एक सामान्य व्यक्ति का जीवन 6 से 7 साल तक कम कर रही है और बीमार व्यक्ति को खतरा ज्यादा है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि मेरा मानना है कि वायु प्रदूषण को लेकर सरकार को गंभीरता से काम करना होगा। सरकार इसे लेकर जनता से भी बात करे और मजबूत कदम उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदूषण का एक और सबसे बड़ा कारण औद्योगिक इकाइयों की वजह से भी है जो गंदा ईंधन इस्तेमाल कर रही हैं। दिल्ली में एमसीडी, पुलिस और राजनेताओं की मिलीभगत के बिना अवैध फैक्ट्रियां नहीं चल सकती हैं। साल 2004-2005 में जब तत्कालीन सरकार ने कई सारी प्रदूषण फैलाने वाले उद्योग हटाए हैं तो अबकी सरकार ऐसा कदम क्यों नहीं उठा रही है। पराली से प्रदूषण फैलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण में बहुत थोड़ा हिस्सा ही पराली और दीवाली के समय पटाखों का जलने से आता है। सर्दियों के समय थोड़ा सा प्रदूषण महसूस होता है। मगर वायु प्रदूषण की बड़ी वजह वाहनों से होने वाला प्रदूषण है जो पूरे साल जारी रहता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.