महाराष्ट्र के खेल मंत्री माणिकराव ने दिया इस्तीफा

मुंबई। महाराष्ट्र के खेल मंत्री माणिकराव कोकाटे ने नासिक फ्लैट आवंटन घोटाला मामले के कारण बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। कोकाटे ने अपना इस्तीफा उपमुख्यमंत्री और पार्टी नेता अजीत पवार को सौंपा जिसे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के अनुरोध पर राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने स्वीकार कर लिया। उनके विभागों का प्रभार फिलहाल उपमुख्यमंत्री अजीत पवार को सौंप दिया गया है।  दरअसल नासिक की एक निचली अदालत ने फ्लैट आवंटन घोटाले में माणिकराव कोकाटे को दोषी पाते हुए कारावास की सजा सुनाई थी। कोकाटे ने इस फैसले को सत्र न्यायालय में चुनौती दी थी, लेकिन वहां भी उनकी सजा बरकरार रखी गई। इसके बाद विपक्षी दल लगातार कोकाटे के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। हालांकि उन्होंने सत्र न्यायालय के फैसले के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट में अपील की है जिस पर शुक्रवार को सुनवाई होनी है, लेकिन बढ़ते राजनीतिक दबाव के बीच मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री की चर्चा के बाद उन्होंने इस्तीफा देना ही उचित समझा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.