उद्योग और व्यवसाय को बढ़ावा देना प्राथमिकताओं में : नितिन नवीन
पटना। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने रविवार को कहा कि अगले पांच वर्ष 2025 से 2030 तक बिहार सरकार प्रदेश में उद्योग धंधोंऔर व्यवसाय को बढ़ावा देने पर ध्यान देगी। बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से आज राज्यसभा सांसद नितिन नवीन के लिए चैम्बर परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर श्री नवीन ने कहा कि वर्ष 2025 से 2030 तक राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में उद्योग धंधों और व्यवसाय को बढ़ावा देना शामिल रहेगा। उन्होंने बताया कि हर जिले में लैंड बैंक विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में निवेश आकर्षित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और औद्योगिक नीतियों में व्यापक सुधार की व्यवस्था की जा रही हैं।
श्री नवीन ने कहा कि राज्य में 11 स्थानों पर सैटेलाइट सिटी और इलेक्ट्रॉनिक सिटी परियोजनाओं पर काम चल रहा है। साथ ही यूरोपीय देशों से बिहार में निवेश लाने के लिए सरकार कार्य कर रही है।उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार की ओर से बिहार के विकास और गौरव को हमेशा प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने चैम्बर से निवेश बढ़ाने से सम्बंधित सुझाव मांगे और कहा कि सरकार नए निवेश आकर्षित करने और वर्तमान उद्योगों को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
इस अवसर पर चैम्बर अध्यक्ष पी. के. अग्रवाल ने कहा कि नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने से उद्योग जगत में उत्साह है और उम्मीद है कि वह उद्यमियों की समस्याओं को उच्च सदन में प्रभावी ढंग से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन लंबे समय से सक्रिय राजनीति में हैं और 2006 से लगातार बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं तथा बिहार सरकार में मंत्री रहते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी निभाई है।
