सिरसा ने दिखाई एक हजार इलेक्ट्रिक टैक्सियों को हरी झंडी
नई दिल्ली। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने शुक्रवार को ग्रीन एसएम ऐप.आधारित एक हज़ार इलेक्ट्रिक टैक्सी सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर श्री सिरसा ने कहा कि दिल्ली सरकार ऐसी हरित पहलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है जो प्रदूषण कम करने के साथ नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाएं। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण, स्वच्छ तकनीक और ग्रीन मोबिलिटी जैसे प्रयास स्वस्थ और बेहतर दिल्ली के निर्माण में अहम भूमिका निभा रहे हैं तथा इलेक्ट्रिक टैक्सी सेवा का शुभारंभ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। ग्रीन एसएम के वाहनों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्री सिरसा ने कहा कि ये वाहन मेक इन इंडिया अभियान की सफलता का उत्कृष्ट उदाहरण हैं और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त बनाते हैं। भारत में निर्मित ये वाहन देश की बढ़ती विनिर्माण क्षमता और तकनीकी दक्षता को प्रदर्शित करते हैं तथा स्वच्छ एवं टिकाऊ परिवहन व्यवस्था के निर्माण में योगदान देते हैं।
डॉ. सिंह ने कहा कि ग्रीन मोबिलिटी दिल्ली की आधुनिक शहरी परिवहन व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। यह पहल दिल्ली ईवी नीति के अनुरूप स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने, वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने और बेहतर वायु गुणवत्ता सुनिश्चित करने में मदद करेगी। उन्होंने कहा कि ईवी फ्लीट के विस्तार की दिशा में उठाया गया हर कदम नागरिकों के बेहतर स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ग्रीन एसएम की 100 प्रतिशत इलेक्ट्रिक फ्लीट न केवल ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा देगी, बल्कि वाहनों से होने वाले उत्सर्जन को कम कर वायु गुणवत्ता सुधारने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कंपनी ने अगले एक वर्ष में अपनी सेवा का विस्तार कर दिल्ली.एनसीआर में 10,000 इलेक्ट्रिक वाहनों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है।
ग्रीन एसएम एक वियतनाम आधारित कंपनी है जिसने भारत के तमिलनाडु में अपना विनिर्माण संयंत्र स्थापित किया है। कंपनी ने मेक इन इंडिया पहल के अंतर्गत प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के माध्यम से भारत में महत्वपूर्ण निवेश किया है।
