साइबर ठगी के मामलों में कोलकाता से दो गिरफ्तार

पटना। साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पटना पुलिस ने दो बड़े साइबर ठगी मामलों का खुलासा करते हुए पश्चिम बंगाल के हुगली (कोलकाता) से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक पटना के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) की निगरानी में गठित विशेष टीम ने तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर यह कार्रवाई की।
पुलिस सूत्रों के अनुसार साइबर थाना कांड संख्या 2157/24 में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर एक व्यक्ति से 2 करोड़ 66 लाख रुपये की ठगी की गई थी। वहीं साइबर थाना कांड संख्या 512/26 में बिजली मीटर अपडेट करने के नाम पर मोबाइल फोन हैक कर 56 हजार रुपये की साइबर ठगी की गई थी। दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम का गठन किया गया था। जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों और सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम ने हुगली में छापेमारी कर दोनों मामलों में संलिप्त दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा ठगी की रकम का इस्तेमाल कहां किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.