सीएम सम्राट चौधरी ने श्रद्धालुओं की मौत पर जताया शोक
मृतक के परिजनों को अनुग्रह राशि देने की घोषणा की
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच हुई भगदड़ में मृत प्रत्येक व्यक्ति के निकटतम परिजन को चार लाख रुपये अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। श्री चौधरी ने कहा कि अनुग्रह राशि जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे बेहद दुखद और हृदयविदारक बताया तथा मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
श्री चौधरी ने संबंधित अधिकारियों को भगदड़ में घायल सभी लोगों का समुचित और शीघ्र उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने को भी कहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना करता हूं।
