नागपंचमी पर काशी में उमड़ा आस्था का सैलाब
श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर किया गया स्वागत
वाराणसी। सावन के तीसरे सोमवार और नागपंचमी पर्व के अवसर पर धर्मनगरी काशी में सोमवार सुबह से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। श्री काशी विश्वनाथ धाम में बाबा विश्वनाथ के दर्शन.पूजन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। रुक-रुककर हो रही बारिश भी श्रद्धालुओं की आस्था को डिगा नहीं सकी।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। मंगला आरती के उपरांत मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए, जिसके बाद बड़ी संख्या में भक्त बाबा के दर्शन के लिए पहुंचते नजर आए। उधर, नागपंचमी के अवसर पर जैतपुरा स्थित प्राचीन नागकूप में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजन.अर्चन कर नागदेवता को दूध एवं लावा अर्पित किया। धार्मिक मान्यता है कि नागपंचमी के दिन यहां पूजा-अर्चना करने से विभिन्न प्रकार के दोषों से मुक्ति मिलती है।
