आत्मनिर्माण से राष्ट्रनिर्माण की ओर बढ़ें युवा : योगी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं से आत्मनिर्माण को राष्ट्रनिर्माण के व्यापक लक्ष्य से जुड़ने का आह्वान करते हुए नियमित योग एवं व्यायाम को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की है।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को जारी संदेश में कहा कि उत्तर प्रदेश में पांच करोड़ घरों में तिरंगा फहराने के महायज्ञ की पूर्णाहुति हो रही है। उन्होंने “हर घर तिरंगा” महा.अभियान में उत्साह और उमंग के साथ सहभागी बने प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को आगे बढ़ने के लिए हरसंभव अवसर उपलब्ध करा रही है। आवश्यकता है कि किशोर और युवा इन अवसरों का लाभ उठाएं तथा अपने संकल्प को राष्ट्रनिर्माण के व्यापक लक्ष्य से जोड़ें। उन्होंने युवाओं से अपने शरीर और मन को स्वस्थ रखने के लिए नियमित योग एवं व्यायाम को जीवन का अंग बनाने का भी आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने युवा वर्ग को संबोधित करते हुए कहा कि आत्मनिर्माण से राष्ट्रनिर्माण का महती दायित्व आपके कंधों पर है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, अनुशासन और संकल्प से ही विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण का लक्ष्य साकार होगा। युवा शक्ति उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी है और प्रदेश के भविष्य को नई दिशा देने में युवाओं की भूमिका निर्णायक है। योगी ने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने व्यक्तित्व, क्षमता और संकल्प को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
