एलआईसी के शेयरों में पांच प्रतिशत तक का आया उछाल

नई दिल्ली। बीमा क्षेत्र की दिग्गज कंपनी एलआईसी के शेयरों में शुक्रवार को करीब 5 प्रतिशत की तेजी आई। कंपनी ने पहली तिमाही में शुद्ध लाभ में 5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है और चालू वित्त वर्ष में मुनाफे में दोहरे अंक की वृद्धि का भरोसा जताया है। बीएसई पर शेयर 4.69 प्रतिशत चढ़कर 927 रुपये पर पहुंच गया। एनएसई में यह 4.75 प्रतिशत बढ़कर 927.10 रुपये पर पहुंच गया। एलआईसी ने गुरुवार को बताया कि पहली तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 5 प्रतिशत बढ़कर 10,987 करोड़ रुपये हो गया और चालू वित्त वर्ष में उसके मुनाफे में दोहरे अंकों में वृद्धि का विश्वास जताया।
भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी)  ने 2024-25 की पहली तिमाही में 10,461 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया। एलआईसी ने नियामकीय सूचना में कहा कि जून तिमाही के दौरान कुल आय बढ़कर 2,22, 864 करोड़ रुपये हो गई जबकि एक साल पहले इसी तिमाही में यह 2,10,910 करोड़ रुपये थी। एलआईसी के नवनियुक्त सीईओ व एमडी आर दोरईस्वामी ने कहा कि हम लाभप्रदता बढ़ाने पर विचार कर रहे हैं। हम एक सम्मानजनक स्तर पर पहुंच जाएंगे और चालू वित्त वर्ष के दौरान मुनाफे में दोहरे अंकों की वृद्धि की उम्मीद है। पिछले वित्त वर्ष के दौरान बीमा कंपनी ने 48,151 करोड़ रुपये का लाभ अर्जित किया जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष में यह 40,676 करोड़ रुपये था जो 18 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। जून तिमाही में प्रथम वर्ष का प्रीमियम बढ़कर 7,525 करोड़ रुपये हो गया जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 7,470 करोड़ रुपये था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.