प. बंगाल, अन्य राज्यों में एसआईआर की घोषणा उचित समय पर : आयोग

नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने रविवार को कहा कि पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों की मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की तिथि उचित समय पर घोषित की जाएगी। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में एक सवाल के जवाब में कहा कि पश्चिम बंगाल और दूसरी जगहों पर (एसआईआर) की तारीख हम ;(दोनों चुनाव आयुक्तों के साथ) आने वाले समय में मिल करेंगे। उसकी घोषणा उचित समय पर की जाएगी। उनके साथ चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और चुनाव आयुक्त डा. विवेक जोशी उपस्थित थे।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने यह बात ऐसे समय कही है जबकि बिहार के एसआईआर को लेकर राजनीतिक घमासान मचा हुआ है और कांग्रेस सहित विपक्ष के तमाम नेता आज ही बिहार में वोटर अधिकार यात्रा आयोजित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश में दो दशक से भी अधिक समय बाद देश में किसी राज्य में पहली बार कराये गए एसआईआर में बिहार में जून.जुलाई में एक महीने से भी कम समय में 7.89 करोड़ मतदाताओं में से 7.34 करोड़ मतदाताओं ने अपने गणना.फार्म भर कर अधिकारियों को सौंप दिये थे। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि 2003 से पहले 10 से अधिक बार एसआईआर करायी गयी थीं। फर्क यह है कि उस समय सूचना प्रौद्योगिकी उतनी उन्नत नहीं थी। उन्होंने कहा कि लंबे अंतरराल के बाद एसआईआर होने के कारण ही बिहार में मतदाताओं की सूची में बड़ी संख्या में मृत और विस्थापित मतदाताओं के बारे में जानकारी मिली है।
उन्होंने कहा कि सरसरी समीक्षा और एसआईआर में फर्क यह है कि इसमें हर मतदाताओं को अपना गणना फॉर्म भरना पड़ता है और इस के लिए बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर गणना फॉर्म देते हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि मतदाता सूची की त्रुटियों को अच्छी तरह से दूर करने का यही तरीका है। मुख्य चुनाव आयुक्त ने एक सवाल पर कहा कि बिहार में मतदाताओं द्वारा गणना फार्म के साथ दाखिल किये गये दस्तावेजों के बारे में कोई बात करना अभी उचित नहीं होगा क्योंकि मतदाता पंजीयक अधिकारी प्राप्त फार्मों की अभी जांच कर रहे हैं और फार्मों पर उनका फैसला एक सितंबर को आना है। उन्होंने बिहार में मसौदा सूची पर दावे और आपत्ति के लिए 31 अगस्त तक बचे समय में किसी भी त्रुटि पर विधिवत आपत्ति या दावा दाखिल कराने में सहयोग के लिए राजनीतिक दलों का सहयोग मांगा ताकि सूची में कोई वैध नाम छूटे नहीं और अपात्र नाम को स्थान नहीं मिले।

Leave A Reply

Your email address will not be published.