मध्यप्रदेश : 24 घंटे में बाढ़ की आशंका

भोपाल। भोपाल में रुक-रुक कर हो रही बारिश से सारा जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इंदौर समेत प्रदेश के 37 शहरों में भी मंगलवार को भी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान बाढ़ की आशंका जताई है। नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है। ग्वालियर.चंबल, बघेलखंड को बारिश का इंतजार है। मध्यप्रदेश में अब तक सवा 10 इंच बारिश हो चुकी है। प्रदेश में 1 जून से 12 जुलाई तक करीब सवा 9 इंच पानी गिरता है। प्रदेश में अभी की स्थिति में 8ः ज्यादा यानी एक इंच ज्यादा पानी गिर चुका है।
पिछले 24 घंटे के दौरान रायसेन और भोपाल शहर में 4 इंच बारिश रिकॉर्ड हुई। सिवनी में 3 इंच, नर्मदापुरम और गुना में 2 इंच, खंडवा में डेढ़ इंच, छिंदवाड़ा और मलाजखंड में 1.1, ग्वालियर, खरगोन, मंडला और नरसिंहपुर में आधा-आधा इंच पानी गिरा। अब तक प्रदेश के कई जिलों में बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। घरों में पानी भर गया। आम रास्तों से लेकर हाईवे तक से बारिश का पानी ओवरफ्लो हो गया। प्रदेश में बारिश के हालात को देखते हुए सभी 52 जिला मुख्यालयों पर इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं। 96 क्विक रिस्पॉन्स टीम कार्य कर रही है।
उधर सीहोर में सीप नदी के स्टॉप डैम पर काम कर रहे मजदूर बाढ़ में फंस गए। जिले के नसरुल्लागंज के साला रोड गांव में स्टॉप डैम बनाया जा रहा है। कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर ने बताया कि 15 मजदूर काम कर रहे थे। भारी बारिश की वजह से नदी में अचानक पानी आ गया। 6 लोग अभी भी नदी के बीच फंसे हुए हैं। रेस्क्यू के लिए टीम मौके पर है। पुलिया के ऊपर से पानी बहने से नसरुल्लागंज . इंदौर हाईवे बंद है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.