अब कुवैत ने की भारत की मदद

बेंगलुरु। कोरोना की दूसरी लहर का सामना कर रहे भारत की मदद के लिए विदेशों से सहायता जारी है। अब कुवैत से लिक्विड ऑक्सीजन टैंकर्स कर्नाटक भेजे गए हैं। आइएनएस शार्दुल कुवैत से अन्य राहत सामग्री के साथ लिक्विड ऑक्सीजन टैंकर्स लेकर मंगलवार को न्यू मैंगलोर पोर्ट पर पहुंचे। बता दें कि इससे पहले अमेरिका,  फ्रांस, ब्राजील सहित कई देशों ने भारत को संकट की घड़ी में मेडिकल उपकरण पहुंचाए थे।
इस वक्त भारत में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले दो.तीन हफ्तों पहले देश में चार लाख से ज्यादा मामले भी दर्ज किए जा चुके हैं जिसके चलते अस्पतालों में बेड, मेडिकल उपकरण और ऑक्सीजन की भारी किल्लत हुई थी। इस दौरान अन्य देशों ने भारत की मदद के लिए हाथ बढ़ाए थे और बढ़ा रहे हैं। भारत सरकार इस संक्रमण से निपटने के लिए हरसंभव कोशिश कर रही है। लगातार राज्य सरकारें भी संक्रमण की चैन पर ब्रेक लगाने के लिए लॉकडाउन बढ़ा रही है और सख्ती के साथ लोगों को नियम का पालन करने के निर्देश जारी कर रही है।
भारत में कोरोना की ताजा स्थिति के बारे में बात करें तो यहां पर फिलहाल महामारी का प्रकोप कम होता नजर आ रहा है। 40 दिनों बाद मंगलवार को 2 लाख से भी कम कोरोना संक्रमण के नए मामले देश में दर्ज किए हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना संक्रमण के 1,96,427 नए मामले सामने आए और 3,511 लोगों की मौत हो गई है। इसके बाद कुल संक्रमितों का अब तक का आंकड़ा 2,69,48,874 हो गया और कुल मौतों की संख्या 3,07,231 है। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 25,86,782 है। 15 अप्रैल के बाद नए मामलों की संख्या दो लाख से नीचे आई है। बता दें कि 15 अप्रैल को 2,16,850 मामले भारत में दर्ज किए थे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.