मुठभेड़ के बाद मेवाती गिरोह के सदस्य को पकड़ा
नई दिल्ली। दक्षिण पूर्वी दिल्ली के विशेष स्टाफ बल (एसटीएफ) और अपराधी के बीच शनिवार सुबह राजधानी के तुगलकाबाद इलाके में हुई एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद मेवाती गिरोह के एक वांछित सदस्य को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि पप्पी उर्फ पप्पू नाम का आरोपी मुठभेड़ के दौरान दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया । टीम का नेतृत्व विशेष स्टाफ के निरीक्षक शिव कुमार कर रहे थे।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि पप्पी, मेवात का एक एटीएम लुटेरा और ऑटो चोर है। उसे दिल्ली के तुगलकाबाद गांव के पास एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ में हुई गोलीबारी के दौरान पप्पू के दाहिने पैर में गोली लगी है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पप्पी चार राज्यों दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और केरल में वांछित है। वह पिछले तीन महीनों में दक्षिण दिल्ली में हुई 12 से ज़्यादा मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में शामिल था। आरोपी के कब्जे से एक पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस और एक चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
